भनवारटंक टनल में पटरी पर दौड़ा तेंदुआ! ट्रेन के गार्ड ने मोबाइल में कैद किया VIDEO, सोशल मीडिया पर मचा हड़कंप

बिलासपुर। बिलासपुर-कटनी रेल मार्ग पर स्थित भनवारटंक टनल से वन्यजीव की मौजूदगी का हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। टनल के भीतर रेलवे ट्रैक पर एक तेंदुआ तेजी से दौड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि ट्रेन के गार्ड की नजर अचानक तेंदुए पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने मोबाइल से उसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
वायरल वीडियो में तेंदुआ टनल के अंदर रेलवे पटरी पर तेजी से आगे बढ़ता नजर आ रहा है। कुछ सेकंड के इस वीडियो में तेंदुआ अचानक ट्रैक पर दौड़ता दिखाई देता है। वीडियो सामने आने के बाद रेलकर्मियों और आसपास के लोगों के बीच इसकी चर्चा तेज हो गई है।
जंगल से घिरा है भनवारटंक का इलाका
भनवारटंक क्षेत्र चारों तरफ से जंगल से घिरा हुआ है। यहां समय-समय पर हाथी, तेंदुआ और अन्य वन्यजीवों की मौजूदगी सामने आती रही है। हालांकि रेलवे टनल के भीतर ट्रैक पर तेंदुए का इस तरह दौड़ते हुए दिखाई देना निश्चित तौर पर चौंकाने वाला है।
ट्रेनों की आवाजाही के बीच वन्यजीव की मौजूदगी से खतरा
सबसे बड़ी चिंता यह है कि जिस ट्रैक पर तेंदुआ दिखाई दिया, वहां लगातार ट्रेनों की आवाजाही होती है। ऐसे में वन्यजीव और रेल यातायात दोनों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे और वन विभाग की निगरानी व्यवस्था को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
वीडियो कब का? आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया था और तेंदुआ कितनी देर तक टनल के भीतर रेलवे ट्रैक पर मौजूद रहा। वीडियो की वास्तविकता और घटना की पूरी जानकारी की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
