Bilaspur News; खूंटाघाट में ‘रील’ का चस्का पड़ा भारी! गेट लांघकर मौत के मुहाने पहुंचे लोग, पुलिस ने कराई उठक-बैठक

बिलासपुर। बारिश के मौसम में खूंटाघाट वेस्टवियर का तेज बहाव लोगों के लिए जानलेवा बना हुआ है, लेकिन कुछ लोगों पर सेल्फी और रील बनाने का जुनून ऐसा सवार हुआ कि वे सुरक्षा के लिए लगाए गए गेट और ताला तक लांघकर खतरनाक हिस्से में पहुंच गए। पानी के तेज बहाव के बिल्कुल करीब खड़े होकर फोटो-वीडियो बनाने वालों को देखकर रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें बाहर निकाला।
मौत के मुहाने पर सेल्फी का जुनून
16 अगस्त को सामने आई तस्वीरों में कुछ लोग खूंटाघाट वेस्टवियर के प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंचकर तेज बहाव के पास खड़े होकर सेल्फी और वीडियो बनाते नजर आए। हैरानी की बात यह रही कि कुछ लोग अपने परिवार, बच्चों और महिलाओं को भी इस खतरनाक जगह तक लेकर पहुंच गए।
वेस्टवियर के गेट पर सुरक्षा के लिए ताला लगाया गया है, ताकि कोई तेज बहाव वाले हिस्से तक न पहुंचे। इसके बावजूद लोगों ने गेट फांदकर सुरक्षा व्यवस्था को धता बता दी।
पुलिस पहुंची तो उतर गया ‘रील’ का नशा
लोगों के खतरनाक तरीके से अंदर पहुंचने की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी को प्रतिबंधित क्षेत्र से बाहर निकाला और जमकर फटकार लगाई।
पुलिस ने साफ समझाया कि बारिश के दौरान पानी का बहाव कब अचानक तेज हो जाए, इसका अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। ऐसे में एक छोटी सी लापरवाही जानलेवा हादसे में बदल सकती है। लापरवाही करने वाले कुछ लोगों को पुलिस ने मौके पर ही उठक-बैठक कराकर चेतावनी दी।
एक सेल्फी के लिए क्यों जोखिम में डाल रहे जिंदगी?
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी-नालों, डेम और वेस्टवियर के आसपास जाने से बचें। सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरिकेड और गेट को किसी भी हालत में पार न करें। खूंटाघाट समेत संवेदनशील इलाकों में पुलिस की निगरानी भी बढ़ाई गई है।
