शान से लहराया तिरंगा, CM साय ने ली परेड की सलामी; 17 प्लाटूनों के शानदार मार्च पास्ट ने मोहा दिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद उन्होंने भव्य परेड का निरीक्षण कर सलामी ली और प्रदेशवासियों के नाम अपना संदेश पढ़ा।
समारोह में 17 प्लाटूनों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर देशभक्ति का जज्बा दिखाया। परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी विमल कुमार पाठक ने किया, जबकि निशांत गौरव कुर्रे परेड के टू-आई-सी रहे। इस बार बिहार पुलिस की टुकड़ी को भी आमंत्रित वर्ग में परेड में शामिल किया गया।
केंद्रीय बलों की टुकड़ियों ने दिखाया दम
परेड में सीमा सुरक्षा बल, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एसएसबी सहित विभिन्न केंद्रीय बलों की टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की पुरुष एवं महिला टुकड़ियां, छत्तीसगढ़ पुलिस, जेल पुलिस, नगर सेना, एनसीसी बालक-बालिका, बैंड प्लाटून, घुड़सवार दल और डॉग स्क्वॉड ने भी शानदार मार्च पास्ट किया।
समारोह में महिला बैगपाइपर बैंड दल की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही।
ITBP ने मारी बाजी
स्वतंत्रता दिवस समारोह की परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। केंद्रीय बलों के वर्ग में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की टुकड़ी ने पहला स्थान हासिल किया। विजेता दल को 5 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई।
BSF की टुकड़ी दूसरे और CRPF की टुकड़ी तीसरे स्थान पर रही। BSF को 3 हजार और CRPF को 2 हजार रुपये नकद राशि के साथ ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
महिला सशस्त्र बल दल रहा अव्वल
राज्य बलों के वर्ग में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (महिला) की टुकड़ी ने पहला स्थान हासिल किया। विजेता दल को 5 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई। छत्तीसगढ़ जेल पुलिस दूसरे और छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुलिस बल (पुरुष) तीसरे स्थान पर रहा। दोनों दलों को क्रमश: 3 हजार और 2 हजार रुपये नकद राशि के साथ ट्रॉफी प्रदान की गई।
NCC गर्ल्स ने भी मारी बाजी
कंटीजेंट एनसीसी वर्ग में एनसीसी गर्ल्स ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि एनसीसी बॉयज दूसरे स्थान पर रहे। मुख्यमंत्री साय ने दोनों दलों के कमांडरों को ट्रॉफी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह के दौरान परेड-टू-आईसी निशांत गौरव कुर्रे, परेड कमांडर विमल कुमार पाठक, महिला बैगपाइपर दल की कमांडर सोनबती ठाकुर, घुड़सवार दल के कमांडर अनिल यादव और श्वान दल के कमांडर राज कपूर सहित परेड की विभिन्न प्रस्तुतियों में योगदान देने वाले डॉ. अनुराधा दुबे और मनीष परमानंद को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में जवानों की अनुशासित कदमताल, आकर्षक बैंड प्रस्तुति और विभिन्न दलों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे पुलिस परेड ग्राउंड को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
