रिटायर्ड हाईकोर्ट जज रजनी दुबे बनीं छत्तीसगढ़ RERA की अध्यक्ष, सरकार ने जारी किया आदेश

रायपुर। राज्य शासन ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट बिलासपुर की सेवानिवृत्त न्यायाधीश श्रीमती रजनी दुबे को छत्तीसगढ़ भू-संपदा अपीलीय अधिकरण यानी RERA Appellate Tribunal का अध्यक्ष नियुक्त किया है। आवास एवं पर्यावरण विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
पांच साल या 67 वर्ष की उम्र तक रहेगा कार्यकाल
शासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि रियल एस्टेट (रेगुलेशन एंड डेवलपमेंट) अधिनियम, 2016 की धारा 46 की उपधारा (1) के खंड (अ) और उपधारा (2) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए श्रीमती रजनी दुबे को अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ भू-संपदा अपीलीय अधिकरण, रायपुर के पद पर नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति अधिनियम की धारा 47(1) के अधीन होगी।
अध्यक्ष के रूप में उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से अधिकतम 5 वर्ष या 67 वर्ष की आयु पूरी होने तक, इनमें से जो भी पहले हो, रहेगा।

सेवा शर्तें अलग से होंगी जारी
शासन के आदेश के मुताबिक अध्यक्ष पद से संबंधित सेवा के अन्य नियम और शर्तें अलग से जारी की जाएंगी।
रजनी दुबे के RERA अपीलीय अधिकरण की अध्यक्ष बनने से रियल एस्टेट से जुड़े मामलों की अपील और विवादों के निपटारे की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
