छत्तीसगढ़ विधानसभा: गृह मंत्री विजय शर्मा का कांग्रेस पर बड़ा हमला, कहा–भूपेश सरकार के 8-8 आला अफसर जेल में हैं, हम स्थापित कर रहे कानून का राज

रायपुर, 18 जुलाई। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और जनहित की योजनाओं को लेकर कांग्रेस को कटघरे में खड़ा किया और साफ किया कि वर्तमान साय सरकार में अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
गृह मंत्री विजय शर्मा ने पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान हुए भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलता को रेखांकित करते हुए कहा, ऐसी कौन सी सरकार है जिसमें 8-8 उच्च अधिकारी जेल गए हों? यह सब भूपेश सरकार के कार्यकाल में हुआ है। उस दौर में अधिकारियों ने भारी दबाव में काम किया और आज वही लोग हमारी सरकार को तानाशाह कह रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि वर्तमान भाजपा सरकार में अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो। सरकार सभी के साथ समान व्यवहार कर रही है और बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पीएम आवास योजना: 8 लाख के मुकाबले 11 लाख घर दिए
डिप्टी सीएम ने प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर दोनों सरकारों के कामकाज की तुलना की और आंकड़ों के साथ कांग्रेस को घेरा, कांग्रेस सरकार ने 8 लाख प्रधानमंत्री आवास देने का संकल्प तो लिया था, लेकिन बजट और राशि उपलब्ध न कराने के कारण वे इसे पूरा नहीं कर सकी। इसके विपरीत, वर्तमान साय सरकार ने अब तक 11 लाख से अधिक आवासों का निर्माण पूरा कर लाभार्थियों को सौंप दिया है। राज्य में वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 1,500 आवासों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है और आने वाले समय में इस संख्या को और बढ़ाया जाएगा।
शराब घोटाले और घुसपैठियों पर कड़ा प्रहार
उपमुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकार के समय हुए आर्थिक घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान FL-10 व्यवस्था के जरिए हजारों करोड़ रुपये का शराब घोटाला को अंजाम दिया गया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में वर्तमान सरकार की नीतियां पिछली सरकार से पूरी तरह अलग हैं। सरकार ने राज्य में सक्रिय घुसपैठियों के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाते हुए कड़ी कार्रवाई की है।
