ब्रेकिंग : ग्राम स्वराज अभियान के लिए छत्तीसगढ़ को मिले 9 राष्ट्रीय पुरस्कार, योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और ग्रामसभाओं के सार्थक आयोजन के लिए पंचायत हुए सम्मानित….मंत्री TS सिंहदेव ने थपथपाई पीठ


भारत सरकार के पंचायतीराज मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के कुल 9 जिला, जनपद और ग्राम पंचायतों का चयन राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए किया गया है। दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार-2019 के लिए 8 और नानाजी देशमुख राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा पुरस्कार-2019 के लिए एक पंचायत का चयन हुआ है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने चयनित सभी पंचायतों को बधाई देते हुए अच्छे कार्यों के लिए उनकी पीठ थपथपाई है।

केन्द्रीय पंचायतीराज मंत्रालय द्वारा दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार के लिए जिला पंचायत कांकेर तथा धमतरी जिले के नगरी जनपद पंचायत और कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा जनपद पंचायत का चयन किया गया है। सूरजपुर जिले के कंदरई ग्राम पंचायत, राजनांदगांव के मुसराकला और रूआताला पंचायत, धमतरी के अरौद तथा दुर्ग जिले के बोरई ग्राम पंचायत का भी चयन इस पुरस्कार के लिए हुआ है।

महिलाओं, पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और जनजातियों के कल्याण से संबंधित शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए इन पंचायतों का चयन इस पुरस्कार के लिए किया गया है। इन पंचायतों ने पंचायतीराज अधिनियम में शामिल ग्राम विकास के 29 विषयों पर अच्छा काम किया है। टीकाककरण, वृक्षारोपण और स्वच्छता सहित अनेक पहलुओं पर उत्कृष्ट कार्य कर पंचायतीराज संस्थाओं को सशक्त बनाने के लिए भारत सरकार द्वारा इन पंचायतों को दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार दिया जा रहा है।

राजनांदगांव जिले के छुईखदान जनपद पंचायत के कुटेलीखुर्द ग्राम पंचायत को नानाजी देशमुख राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। ग्राम सभा के सफल और सार्थक आयोजन के सभी मानकों पर खरा उतरने वाले कुटेलीखुर्द पंचायत को इस पुरस्कार से नवाजा जा रहा है। यहां कोरम पूर्ति के साथ सभी अनिवार्य ग्रामसभाओं का आयोजन कर विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों का चयन ग्राम सभा द्वारा किया गया है। पंचायतीराज व्यवस्था के तहत लोकतांत्रिक मूल्यों के संवर्धन के लिए इस पंचायत का चयन राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा पुरस्कार के लिए किया गया है।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp