प्रदेश अध्यक्ष समेत 11 पर FIR; रायपुर में भीम आर्मी का चक्काजाम, एंबुलेंस-स्कूल बसें जाम में फंसीं, पुलिस ने 11 के खिलाफ दर्ज किया केस
पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों के समर्थन में 4 नवंबर को OCM चौक पर किया था प्रदर्शन, मुख्यमंत्री निवास की ओर मार्च के दौरान सड़क पर बैठ गए थे कार्यकर्ता; कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मामला।

रायपुर। राजधानी में पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों के समर्थन में प्रदर्शन करना भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं को भारी पड़ गया है। OCM चौक के पास मुख्य सड़क पर बैठकर यातायात बाधित करने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आजाद समेत 11 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। प्रदर्शन के दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया था। हालात ऐसे बने कि एंबुलेंस और स्कूल बसें तक जाम में फंस गई थीं।
जानकारी के मुताबिक, 4 नवंबर को भीम आर्मी के बैनर तले करीब 100 से 150 कार्यकर्ता पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों की मांगों के समर्थन में एकजुट हुए थे। सभी मुख्यमंत्री निवास की ओर मार्च करने निकले थे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। मार्च करते हुए प्रदर्शनकारी OCM चौक पहुंचे और यहां मुख्य सड़क पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भी नारेबाजी की गई। कार्यकर्ताओं के सड़क पर बैठने से शहर के प्रमुख मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया।
एंबुलेंस और स्कूल बसें भी जाम में फंसीं
OCM चौक पर सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे गंभीर स्थिति तब बनी, जब मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस और बच्चों को घर छोड़ने जा रही स्कूल बसें भी जाम में फंस गईं। मुख्य मार्ग बाधित होने के कारण आम लोगों के साथ मरीजों और स्कूली बच्चों को भी परेशानी हुई।
लाउडस्पीकर से अपील, फिर भी नहीं हटे प्रदर्शनकारी
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। लाउडस्पीकर के माध्यम से सड़क खाली करने की अपील की गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि धरना-प्रदर्शन के लिए नवा रायपुर के तूता में निर्धारित स्थल बनाया गया है और उन्हें वहीं जाकर अपनी मांगें रखनी चाहिए। इसके बावजूद कार्यकर्ता सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए। लगातार यातायात बाधित रहने के बाद पुलिस ने कानूनी कार्रवाई की।
प्रदेश अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष समेत 11 आरोपी
कोतवाली थाना पुलिस ने सार्वजनिक मार्ग बाधित करने के मामले में 11 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। इनमें भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आजाद, जिला अध्यक्ष देवेंद्र मैरिसा और युवराज ढीढी के नाम शामिल हैं। अन्य लोगों को भी मामले में आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
