Mahtari Vandan Yojana: महतारी वंदन योजना की महिलाओं के लिए बड़ी राहत, ई-केवाईसी की तारीख बढ़ी, जानें पूरा अपडेट
Mahtari Vandan Yojana: राज्य शासन की महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी की समय सीमा बढ़ाकर अब 30 जुलाई कर दी गई है। पहले यह प्रक्रिया 30 जून तक पूरी करनी थी, लेकिन बड़ी संख्या में महिलाओं का सत्यापन बाकी होने के कारण अवधि बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इससे राजनांदगांव जिले की हजारों हितग्राही महिलाओं को राहत मिली है। जिले में करीब 1.60 लाख से अधिक महिलाओं का ई-केवाईसी सत्यापन किया जाना है।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार अब तक बड़ी संख्या में हितग्राहियों का सत्यापन पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष महिलाओं को भी समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने का अवसर मिलेगा। Mahtari Vandan Yojana: राशि लेने से लेकर सर्वर की समस्या ई-केवाईसी को लेकर कई स्थानों से शिकायतें भी सामने आई हैं। कुछ हितग्राहियों ने ऑपरेटरों द्वारा राशि लिए जाने की बात कही है, जबकि यह प्रक्रिया शासन की ओर से नि:शुल्क निर्धारित की गई है। वहीं, कई गांवों में तकनीकी दिक्कतों और शिविरों के अभाव के कारण महिलाओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है। बताया जा रहा है कि सर्वर डाउन की भी समस्या आ रही है।

तय समय तक पूरी हो जाएगी प्रक्रिया
महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी गुरप्रीत कौर ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में शिविर लगाकर ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। इसके लिए किसी भी ऑपरेटर को कोई राशि देने की जरूरत नहीं है। तय समय के भीतर सभी पात्र महिलाओं की ई-केवाईसी करा ली जाएगी।










