छत्तीसगढ़ पावर प्लांट हादसा: 16 मजदूरों की मौत, 36 झुलसे; वेदांता देगी 35-35 लाख मुआवजा और नौकरी
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर विस्फोट में अब तक 16 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 36 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। हादसा इतना भयावह था कि प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूरों को मौके से ही गंभीर हालत में अस्पताल भेजना पड़ा।
घायलों का इलाज आसपास के अस्पतालों के साथ-साथ रायगढ़ और बिलासपुर के मेडिकल सेंटरों में जारी है। कई घायलों की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

हादसे के बाद वेदांता प्रबंधन ने बड़ी घोषणा करते हुए मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपए मुआवजा देने और एक सदस्य को नौकरी देने का ऐलान किया है। इसके अलावा घायलों के इलाज का पूरा खर्च कंपनी उठाएगी। घायलों को 15 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्लांट में बॉयलर से जुड़ी हाई-प्रेशर स्टीम लाइन में विस्फोट हुआ, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। हालांकि, वास्तविक कारणों की जांच अभी जारी है और तकनीकी टीम पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।

इस दर्दनाक घटना के बाद औद्योगिक सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।











